38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन: नए रिकॉर्ड और ऐतिहासिक प्रदर्शन
उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हुआ। इस आयोजन में देशभर के 10,000 से अधिक खिलाड़ियों ने 35 खेल विधाओं में हिस्सा लिया, जिसमें योग और मल्लखंब जैसे पारंपरिक खेलों को पहली बार शामिल किया गया।
इस राष्ट्रीय खेल में कुल 58 नए रिकॉर्ड स्थापित हुए, जिनमें 9 राष्ट्रीय रिकॉर्ड और 49 राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड शामिल हैं। राष्ट्रीय रिकॉर्ड्स में तीरंदाजी में 1, तैराकी में 2, और भारोत्तोलन में 6 नए कीर्तिमान बने। भारोत्तोलन में पंजाब की महक शर्मा ने प्लस 87 किलोग्राम श्रेणी में स्नैच, क्लीन एंड जर्क, और कुल वजन में तीन नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किए। मणिपुर की बिंद्यारानी देवी और तमिलनाडु के एस. रुद्रमयन ने भी भारोत्तोलन में नए रिकॉर्ड बनाए। तैराकी में कर्नाटक की धिनिधि ने दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किए।
राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड्स में तीरंदाजी में 22, एथलेटिक्स में 15, तैराकी में 6, और भारोत्तोलन में 6 नए रिकॉर्ड बने। झारखंड की ओलंपियन दीपिका कुमारी ने तीरंदाजी में चार नए राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड स्थापित किए, जबकि उत्तराखंड के आदर्श पंवार ने इंडियन राउंड में दो नए रिकॉर्ड बनाए। एथलेटिक्स में, ओडिशा के अनिमेष कुजुर ने 100 मीटर दौड़ में, हिमाचल प्रदेश के सावन बरवाल ने 5000 मीटर दौड़ में, और मध्य प्रदेश के देव कुमार मीणा ने पोल वॉल्ट में नए रिकॉर्ड स्थापित किए।
इस आयोजन के दौरान, उत्तराखंड ने अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 17 स्वर्ण, 26 रजत, और 32 कांस्य पदक हासिल करते हुए कुल 75 पदकों के साथ पदक तालिका में सातवां स्थान प्राप्त किया। पिछले राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड 25वें स्थान पर था, जो इस बार के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय खेलों को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना का प्रतीक बताया और खेलों को देश की साख बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण तत्व माना। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयासरत है।
38वें राष्ट्रीय खेलों ने न केवल नए रिकॉर्ड स्थापित किए, बल्कि देव भूमि उत्तराखंड अब खेल भूमि उत्तराखंड से भी विख्यात हुई उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया और देश की खेल संस्कृति को समृद्ध किया।
खेल पर्यवेक्षक:- संजीव दत्ता
समन्वयक :- सपना दत्ता
दूरभाष :- 9971999864
प्रायोजन के लिए /For sponsorship : khelkhiladi55@gmail.com



Very nice
ReplyDeleteGreat sir
ReplyDeleteKeep Going 👍
ReplyDelete