91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भव्य आगाज, देशभर के रेलवे एथलीटों ने दिखाया दम
कोलकाता, 11 सितंबर 2026। साई सेंटर, ईस्टर्न सेंटर, साल्ट लेक, कोलकाता में शुक्रवार को 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। ईस्टर्न रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (ERSA) के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों के शीर्ष एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ईस्टर्न रेलवे की महाप्रबंधक एवं ERSA की पैट्रन श्रीमती गीतिका पांडे ने किया। उद्घाटन समारोह में उनका आरपीएफ बैंड की ओर से भव्य एवं औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान ईस्टर्न रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं PCOM/ER एवं Metro श्री नीरज वर्मा ने मुख्य अतिथि गीतिका पांडे को पौध-पात्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। ERSA के अवैतनिक महासचिव श्री कुमार अनिमेष ने नीरज वर्मा का पौध-पात्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया, जबकि ईस्टर्न रेलवे की OSD श्रीमती सोमा बिस्वास ने कुमार अनिमेष को पौध-पात्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं तथा ओलंपियनों का सम्मान
चैंपियनशिप के दौरान भारतीय खेलों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी विशेष सम्मान दिया गया। महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे अर्जुन पुरस्कार विजेताओं, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं और ओलंपियनों को सम्मानित किया। इन खेल हस्तियों की उपलब्धियों और भारतीय खेलों में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए उनका अभिनंदन किया गया।
पहले दिन ट्रैक एंड फील्ड पर दिखा रोमांच
प्रतियोगिता के पहले दिन कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में सेंट्रल रेलवे के शारुख खान ने 3:55.09 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। नॉर्दर्न रेलवे के अर्जुन वास्कले 3:55.15 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के शिवम शर्मा ने 3:56.21 के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री के एस. तमिलारसु ने 21.02 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सेंट्रल रेलवे के आभिन बी. देवदिगा 21.06 सेकंड के साथ रजत और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के थेरथीश शेट्टी 21.50 सेकंड के साथ कांस्य पदक विजेता बने।
महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में सदर्न रेलवे की गिरिधारिनी ने 23.86 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। साउथ वेस्टर्न रेलवे की ज्ञानेश्वरी ने 24.15 सेकंड के साथ रजत और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे की हिमांशी मलिक ने 24.63 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

थ्रोइंग स्पर्धाओं में भी कड़ा मुकाबला
पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में नॉर्दर्न रेलवे के निर्भय ने 54.56 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता। साउथ सेंट्रल रेलवे के अभिनव वैष्णव 54.45 मीटर के प्रदर्शन के साथ दूसरे और साउथ ईस्टर्न रेलवे के पी. एलेक्स 54.33 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में वेस्टर्न रेलवे की रेखा ने 15.60 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे की योगिता ने 15.53 मीटर के साथ रजत और वेस्ट सेंट्रल रेलवे की कविता कुमारी ने 14.37 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
मैराथन में भी खिलाड़ियों ने दिखाई सहनशक्ति
पुरुषों की मैराथन में सेंट्रल रेलवे के हर्षद म्हात्रे ने 2:40:59.85 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अंकित देशवाल 2:41:10.12 के साथ दूसरे और वेस्ट सेंट्रल रेलवे के नरसिंह पटेल 2:49:23.09 के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं की मैराथन में नॉर्दर्न सेंट्रल रेलवे की कविता यादव ने 3:11:29.43 के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वेस्ट सेंट्रल रेलवे की रीमा पटेल 3:12:58.82 के साथ रजत और नॉर्दर्न रेलवे की वर्षा 3:16:26.15 के साथ कांस्य पदक विजेता बनीं।
91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप 11 से 13 सितंबर 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में ट्रैक एवं फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में रेलवे के शीर्ष एथलीट पदक के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेंगे। यह चैंपियनशिप न केवल रेलवे खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स के लिए नई प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बन रही है।
कार्यक्रम के सफल एवं गरिमापूर्ण संचालन का दायित्व श्री संजीव दत्ता जी ने निभाया। उन्होंने अपने प्रभावशाली एवं सधे हुए संचालन से पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध, रोचक और जीवंत बनाए रखा।
लेखक :- संजीव दत्ता
संपादिका :- डॉ. सपना दत्ता
दूरभाष :- 9971999864
प्रायोजन के लिए /For sponsorship : khelkhiladi55@gmail.com


0 Response to "91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भव्य आगाज, देशभर के रेलवे एथलीटों ने दिखाया दम"
Post a Comment