कबड्डी,टेबल टेनिस और शतरंज मे चमके रेल के सितारे
भारतीय रेलवे पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमों ने फेडरेशन कप में दोहरा खिताब जीतकर रचा इतिहास
नई दिल्ली: 5वीं फेडरेशन कप कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम कर देशभर में गौरव का नया अध्याय लिखा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दोनों टीमों को हार्दिक बधाई। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और मैट पर बेहतरीन तालमेल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वे कबड्डी के सच्चे चैंपियन हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय रेलवे की टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, रणनीति और जुझारूपन का परिचय दिया। निर्णायक मुकाबलों में उनके आत्मविश्वास और सामूहिक प्रदर्शन ने उन्हें विजेता बनाया।
यह दोहरी सफलता न केवल भारतीय रेलवे के लिए गर्व का विषय है, बल्कि देश में कबड्डी खेल को भी नई प्रेरणा प्रदान करेगी। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साह बढ़ाएगी।
टेबल टेनिस: रेलवे को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य
भारतीय रेलवे की पुरुष टेबल टेनिस टीम ने इंदौर (मध्य प्रदेश) में दिनांक 14 मार्च 2026 से 21 मार्च 2026 तक आयोजित 87वीं सीनियर नेशनल एवं इंटर-स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम के खिलाड़ियों में रोनित भांजा (ईआर), आकाश पाल (एसईआर), जीत चंद्रा (एसईआर), अनिर्बान घोष (एसईआर) तथा सुरेश राज प्रेयेश (एसआर) शामिल थे, जिन्होंने टीम स्पर्धा में उल्लेखनीय योगदान दिया।
टीम स्पर्धा के अतिरिक्त भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। विवरण निम्नानुसार है:
(क) पुरुष एकल स्पर्धा:
जीत चंद्रा (एसईआर) – रजत पदक
रोनित भांजा (ईआर) – कांस्य पदक
(ख) पुरुष युगल स्पर्धा:
जीत चंद्रा एवं अनिर्बान घोष (दोनों एसईआर) – स्वर्ण पदक
रोनित भांजा (ईआर) एवं सुरेश राज प्रेयेश (एसआर) – रजत पदक
(ग) महिला युगल स्पर्धा:
सुतिर्था मुखर्जी एवं कौशानी नाथ (दोनों एसईआर) – स्वर्ण पदक
(घ) मिश्रित युगल स्पर्धा:
रोनित भांजा (ईआर) एवं कौशानी नाथ (एसईआर) – कांस्य पदक
आकाश पाल (एसईआर) एवं पोयमंती बैस्या (मेट्रो रेलवे) – कांस्य पदक
भारतीय रेलवे के सभी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से संगठन का गौरव बढ़ाया है।
भारतीय रेलवे परिवार की ओर से सभी पदक विजेताओं एवं टीम के सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
भारतीय रेलवे शतरंज टीम ‘ए’ ने जीता स्वर्ण, टीम ‘बी’ ने कांस्य पदक हासिल किया
रायपुर, 22 मार्च 2026: भारतीय रेलवे शतरंज टीम ‘ए’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 45वीं राष्ट्रीय टीम शतरंज चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, भारतीय रेलवे की टीम ‘बी’ ने भी उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 16 से 22 मार्च 2026 के बीच रायपुर में आयोजित की गई, जिसमें देशभर की शीर्ष टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय रेलवे की दोनों टीमों ने निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी रणनीतिक क्षमता तथा अनुभव का शानदार परिचय दिया।
टीम ‘ए’ ने निर्णायक मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि टीम ‘बी’ ने कड़े मुकाबलों में संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय रेलवे की इस उपलब्धि से देश के शतरंज खेल को नई प्रेरणा मिलेगी और आने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ेगा।




बेहतरीन जानकारी
ReplyDelete