भारतीय मुक्केबाज़ी के इतिहास में नया स्वर्णिम अध्याय: 6 जुलाई से शुरू होगी प्रो बॉक्सिंग लीग 2026
नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाज़ी को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश की पहली फ्रेंचाइज़ी आधारित प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) का आयोजन 6 से 10 जुलाई 2026 तक राजधानी दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। यह लीग भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां देश के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज़ पेशेवर मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया सोमवार को सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई, जिसमें चार फ्रेंचाइज़ी टीमों ने कुल 32 प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ों को अपने दल में शामिल किया। इस चयन प्रक्रिया की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि खिलाड़ियों की पारंपरिक नीलामी नहीं हुई, बल्कि पिछले एक वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें प्वाइंट सिस्टम के जरिए चुना गया।
इस चयन में महिला मुक्केबाज़ कोमलप्रीत कौर सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्हें मध्य महायोद्धा टीम ने 28 लाख प्वाइंट्स के साथ अपने दल में शामिल कर लीग की सबसे चर्चित चयनित खिलाड़ी बना दिया।
प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन के लिए पिछले एक वर्ष में देशभर में कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन्हीं प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीकी कौशल और निरंतरता का मूल्यांकन कर उन्हें प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए चुना गया।
चार टीमों के बीच होगा जबरदस्त मुकाबला
IABF के महासचिव राकेश ठाकरान ने बताया कि लीग में चार दमदार टीमें हिस्सा लेंगी—
- मुंबई मुक्केबाज़
- ईस्टर्न योद्धा
- मध्य महायोद्धा
- पंजाब पिंड पहलवान
प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 32 मुक्केबाज़ इस ऐतिहासिक लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दर्शकों को पांच दिनों तक रोमांच, जोश और उच्च स्तरीय मुक्केबाज़ी देखने को मिलेगी।
खिलाड़ियों की ग्रूमिंग और ब्रांड निर्माण पर विशेष फोकस
लीग के आयोजन से जुड़े साश्वत भारत के प्रमुख शशिकांत मिश्र ने बताया कि प्रो बॉक्सिंग लीग का उद्देश्य केवल मुकाबलों का आयोजन करना नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाना भी है।
उन्होंने कहा कि लीग के तहत खिलाड़ियों के प्रोफाइल शूट, उनकी प्रेरणादायक सफलता की कहानियों का निर्माण, मीडिया प्रशिक्षण और पेशेवर प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बुक माई शो की विशेषज्ञ टीम भी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में सहयोग करेगी।
भव्य उद्घाटन और लाइव प्रसारण
6 जुलाई को लीग का शुभारंभ एक भव्य रंगारंग समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें खेल, राजनीति, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक जियो हॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के खेल प्रेमी इस ऐतिहासिक आयोजन का आनंद ले सकेंगे।
भारतीय मुक्केबाज़ी को मिलेगी वैश्विक पहचान
IABF के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय मुक्केबाज़ी को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का एक सशक्त अभियान है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह लीग देश की प्रमुख खेल लीगों में अपनी पहचान बनाएगी और यहीं से भारतीय मुक्केबाज़ी के नए सितारे तथा भविष्य के ओलंपिक पदक विजेता तैयार होंगे।
तैयारियों का लिया जायजा
आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए डॉ. राकेश मिश्र ने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं, आवास, प्रशिक्षण, सुरक्षा और प्रसारण व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह लीग देश के प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भारतीय मुक्केबाज़ी को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
प्रमुख गणमान्य अतिथियों की रहेगी उपस्थिति
इस अवसर पर मध्यप्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग के अध्यक्ष एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, श्री सुरेश चव्हाणके, श्री राजकुमार, श्री मृणाल सैकिया (विधायक, असम), डॉ. पीयूष जैन, सुशील कटियार, संजीव कुमार, मोनू चौहान, मनोज जोशी, सीए विनोद गोयल, विवेकानंद जी, राजेश दुग्गल, मुकेश अग्रवाल (यूनिटी ग्रुप), सैम पवार (जयपुर), डॉ. वेदप्रकाश टंडन, चैतन्य अरोड़ा, जय प्रकाश (जेपी) सहित देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
खेल पर्यवेक्षक:- संजीव दत्ता
समन्वयक :- सपना दत्ता
दूरभाष :- 9971999864
प्रायोजन के लिए /For sponsorship : khelkhiladi55@gmail.com


.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
0 Response to "भारतीय मुक्केबाज़ी के इतिहास में नया स्वर्णिम अध्याय: 6 जुलाई से शुरू होगी प्रो बॉक्सिंग लीग 2026"
Post a Comment